समर्थ कश्यप : बिहार पुलिस के लिए आज एक अत्यंत दुखद खबर आई, जब फतुहा थाना के पूर्व थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर रूपक कुमार अम्बुज का डेंगू से जूझते हुए निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली. ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रूपक कुमार अम्बुज पिछले महीने के अंतिम सप्ताह में डेंगू से पीड़ित हुए थे। करीब एक महीने तक उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था और वह लगातार आईसीयू में थे. जीवन की लंबी लड़ाई के बाद उनकी मौत की खबर आई. जानकारी के अनुसार बेगूसराय के रहनेवाले रूपक कुमार अम्बुज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ही उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। उनकी बीमारी के कारण ही फतुहा थाने में किसी और को सहायक थानाध्यक्ष के रूप में पोस्टिंग दी गई थी। लगभग एक महीने तक जीवन रक्षक प्रणाली पर रहने के बावजूद, उन्हें बचाया नहीं जा सका. बिहार पुलिस ने अपने एक कर्मठ अधिकारी को खो दिया है। उनकी मौत पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी क्षति है.
भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें 🙏


