समर्थ कश्यप =नवगछिया (भागलपुर)। पुलिस जिला नवगछिया में शुक्रवार सुबह पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक दरोगा और पीटीसी सिपाही के बीच हुए आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दरोगा ने पीटीसी सिपाही विशाल कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल सिपाही को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज ले जाने के दौरान विक्रमशिला सेतु पर भीषण जाम में एंबुलेंस फंस गई, जिससे घायल की स्थिति बिगड़ने लगी। इस दौरान स्थानीय पत्रकारों की तत्परता से रास्ता क्लियर कराया गया, तब जाकर एंबुलेंस समय पर अस्पताल पहुंच सकी।
घायल पीटीसी सिपाही विशाल कुमार ने बताया कि सुबह दरोगा के साथ हल्का-फुल्का मजाक चल रहा था, तभी अचानक दरोगा ने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
मामले को लेकर एसडीपीओ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसआईटी टीम का गठन कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी नवगछिया टाउन थाना को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी दरोगा की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
दरोगा ने पीटीसी सिपाही पर किया चाकू से हमला, हालत गंभीर


