नवगछिया में 154 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 6–7 लाख

समर्थ कश्यप= नवगछिया मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 154 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपये आंकी जा रही है।
रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 7 मार्च को नवगछिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नवगछिया जीरोमाईल के पास ब्राउन शुगर की खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की योजना बनाई गई।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीरोमाईल के पास खड़े दो संदिग्ध युवकों को पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 154 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद किया गया। मौके से दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान ज्योतिष कुमार और मयंक कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नवगछिया थाना अध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि नवगछिया के कई इलाकों में लंबे समय से स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की चर्चा होती रही है। लोगों के अनुसार साहू टोला मदन अहिल्या मंदिर के आसपास, हरना चौक रेलवे फ्लाईओवर के पास तथा नवगछिया के मख्खा तकिया इलाके में भी इस तरह के कारोबार की शिकायतें मिलती रहती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से इन इलाकों में लगातार छापेमारी और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके और इलाके में इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×