समर्थ कश्यप= नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव में स्थित करीब 65 वर्ष पुराने प्राचीन शिव मंदिर को लेकर विवाद गहरा गया है। मंदिर के निर्माणकर्ता परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने कुछ दबंग व असामाजिक तत्वों पर मंदिर को तोड़कर उसका स्थान परिवर्तन कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर मंदिर के संरक्षण और सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार तेतरी गांव में वर्ष 1960 में स्वर्गीय रसिक लाल झा (पिता–स्व. दुक्खा झा) की स्मृति में उनकी पुत्री स्वर्गीय अत्तरूवती देवी ने अपने निजी खर्च से शिव मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर निर्माण के बाद से ही इसके रखरखाव और प्रबंधन की जिम्मेदारी रसिक लाल झा के परिवार के सदस्य निभाते आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मंदिर लंबे समय से गांव के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है और यहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती है।
मंदिर निर्माणकर्ता परिवार के सदस्य प्रमोद कुमार झा (पुत्र–स्व. सत्यध्व झा, निवासी तेतरी) ने आरोप लगाया है कि हाल के दिनों में कुछ लोग स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर प्राचीन शिव मंदिर को तोड़कर उसका स्थान बदलने की कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, नवगछिया के न्यायालय में सनहा आवेदन संख्या 314/2025 भी दायर किया है।
परिजनों का कहना है कि मंदिर निर्माणकर्ता परिवार की सहमति के बिना तथा बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना से अनुमति लिए बगैर ही मंदिर की भव्य एवं प्राचीन संरचना को तोड़ने की योजना बनाई जा रही है। विरोध करने पर मंदिर से जुड़े लोगों को डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर न केवल एक धार्मिक स्थल है, बल्कि क्षेत्र के हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था और भावना से गहराई से जुड़ा हुआ है। ऐसे में मंदिर को तोड़ने की कोशिश से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
ग्रामीणों और मंदिर से जुड़े लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर मंदिर स्थित है, वह बिहार सरकार के नाम से दर्ज है। ऐसे में लोगों ने अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया से हस्तक्षेप कर मंदिर के संरक्षण और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
तेतरी के 65 साल पुराने प्राचीन शिव मंदिर को तोड़ने की साजिश का आरोप, प्रशासन से की कार्रवाई की मांग


