समर्थ कश्यप= नवगछिया थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के समीप ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद अचानक मारपीट में बदल गया। घटना में तीन लोग घायल हो गए, लेकिन समय पर पुलिस हस्तक्षेप से हालात बिगड़ने से बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनिया मोर निवासी प्रीतम कुमार (पिता–अवधेश शाह) कार से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार आशीष कुमार और छोटू कुमार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गई। आरोप है कि बाइक सवारों ने कार का पीछा कर प्रीतम को रोक लिया और मारपीट की। इस दौरान तीनों को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में शामिल राहुल राज, सिपाही संजय यादव एवं चालक सुनील कुमार ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पहले स्थिति को शांत कराया, फिर सभी घायलों को सुरक्षित अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस की त्वरित और संतुलित कार्रवाई से संभावित बड़ा विवाद टल गया तथा क्षेत्र में शांति बहाल रही। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामला संबंधित थाना को सौंप दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने डायल 112 टीम की मुस्तैदी और जिम्मेदारीपूर्ण भूमिका की सराहना की है।



