नवगछिया  में भीषण सड़क हादसा: चार की मौत, छह गंभीर रूप से घायल

समर्थ कश्यप= नवगछिया पुलिस जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा खरिक थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ी पुल के समीप दयालपुर इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार और वाहनों के अनियंत्रित होने के कारण चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सबसे पहले एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ई-रिक्शा से जा भिड़ा। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। ई-रिक्शा में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की चपेट में एक बस भी आ गई, जिससे उसके आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

खरिक पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छह घायलों का इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल उपचार के लिए भागलपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में पुलिस और प्रशासन की मदद की। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×