समर्थ कश्यप= भागलपुर पुलिस जिला नवगछिया अनुमंडल अस्पताल परिसर स्थित एएनएम स्कूल सह ट्रेनिंग सेंटर नवगछिया में रविवार को सत्र 2025–27 की छात्राओं के लिए लैम्प लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशित छात्राओं ने निष्ठा, ईमानदारी एवं पूर्ण समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवा कार्य करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ रोड साइड एक्सीडेंट, प्राथमिक उपचार एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहना के साथ देखा।
समारोह के मुख्य अतिथि आरएडी भागलपुर डॉ. अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एएनएम ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका दायित्व समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने छात्राओं से संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जीएनएम स्कूल भागलपुर के प्राचार्य, एएनएम स्कूल तारापुर के प्राचार्य, डॉ. बी. दास, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवगछिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा आरपीएम भागलपुर उपस्थित रहे। वक्ताओं ने एएनएम की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल आयोजन एएनएम स्कूल सह ट्रेनिंग सेंटर नवगछिया की प्राचार्य रागिनी कुमारी के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया गया।
एएनएम स्कूल सह ट्रेनिंग सेंटर नवगछिया में लैम्प लाइटिंग व शपथ ग्रहण समारोह


