समर्थ कश्यप= भागलपुर पुलिस जिले के नवगछिया अंतर्गत ढोलबज्जा बाजार में कुख्यात अपराधी छोटुवा यादव के नाम पर रंगदारी मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित बाजार के दुकानदारों ने गुरुवार को सामूहिक रूप से अपनी दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से त्वरित व कठोर कार्रवाई की मांग की।
व्यवसायियों का आरोप है कि अपराधी गिरोह द्वारा फोन कॉल के माध्यम से रंगदारी मांगी जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें डराने के लिए सीधे छोटुवा यादव से बात कराने का दावा किया गया, जिससे पूरे बाजार में भय और दहशत का माहौल बन गया है।
इस घटना के विरोध में दुकानदारों ने एकजुट होकर अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। दुकानदारों ने ढोलबज्जा थाना पहुंचकर सुरक्षा, न्याय और रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सुरक्षा का पुख्ता आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने शीघ्र सख्त कदम नहीं उठाए, तो ढोलबज्जा बाजार में व्यापार करना कठिन हो जाएगा और व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
नवगछिया की पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार ने भी बताया कि बाजार बंद होने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने दुकानदारों से लिखित आवेदन देने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि आवेदन प्राप्त होते ही मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ढोलबज्जा बाजार में रंगदारी के खिलाफ व्यापारी एकजुट, बाजार बंद कर किया जोरदार विरोध


