समर्थ कश्यप= रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली चौक पर शनिवार की देर शाम सड़क पार करने के दौरान एक लड़की को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामचंद्र सिंह की 18 वर्षीय पुत्री नूतन कुमारी सड़क पार कर अपने घर जा रही थी, तभी एक बाइक सवार ने उसे धक्का मार दिया। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, घटना में बाइक सवार को भी हल्की चोटें आने की सूचना है। घायल युवती के परिजनों ने बाइक को अपने कब्जे में रखा है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
मुरली चौक, सड़क पार करने के दौरान लड़की को बाइक ने मारी टक्कर


