कहलगांव प्रखंड के,एकचारी में झोला छाप डॉक्टर के ऑपरेशन से प्रसूता की मौत, नवजात सुरक्षित

समर्थ कश्यप- कहलगांव प्रखंड के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एकचारी गांव स्थित श्रीमठ स्थान के पास एक झोला छाप डॉक्टर द्वारा संचालित निजी क्लीनिक में ऑपरेशन के दौरान 23 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात शिशु सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतका की पहचान स्वाति देवी (23) के रूप में हुई है, जिसका ससुराल झारखंड के ठाकुरगंटी थाना क्षेत्र के मोढ़िया गांव में है। उसका पति विक्रम कुमार मजदूरी करता है। गर्भावस्था के दौरान स्वाति देवी अपने मायके खड़हरा में रह रही थी।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार की रात प्रसव पीड़ा होने पर उसे श्रीमठ स्थित रंजीत कुमार के पुत्र अमर कुमार मंडल द्वारा संचालित निजी क्लीनिक में ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने ऑपरेशन की आवश्यकता बताई और कथित रूप से 30 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि बिना समुचित चिकित्सा सुविधा के यूट्यूब देखकर ऑपरेशन किया गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने पर महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने क्लीनिक के बाहर शव रखकर विरोध-प्रदर्शन किया। सूचना पर रसलपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं रसलपुर थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त क्लीनिक को लेकर पहले भी शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से झोला छाप डॉक्टरों के हौसले बुलंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×